नई दिल्ली. देशभर में कोरोना के चलते मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। रविवार रात से सोमवार तक 15 संक्रमितों की मौत हो गई। सोमवार को महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7 मरीजों ने दम तोड़ा। इनमें एक 30 वर्षीय गर्भवती महिला भी थी।मुंबई के नायर हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा था। इसके अलावा आंध्र प्रदेश से दो, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल और गुजरात में एक-एक मरीज ने संक्रमण के चलते जान गंवाई। इस तरह देशभर में कोरोना की वजह से 143 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले रविवार को 23 लोगों की मौत हुई थी। यह आंकड़े प्रदेश सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 111 मौतों की पुष्टि की है।
सोमवार को कहां मौतें
- मध्यप्रदेश : राजधानी भोपाल में तीन दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती 52 साल के नरेश खटीक की रविवार रात 12.30 बजे जान चली गई। रविवार को ही उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह कोरोना की वजह से भोपाल में पहली मौत है। इसके बाद कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने एडवाइजरी जारी कर कहा कि जिन लोगों का इम्यून सिस्टम कमजोर है, जिन्हें सांस की दिक्कत है या कोई गंभीर बीमारी है, वे कतई घर से बाहर न निकलें।
- राजस्थान : कोटा में रविवार रात 60 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। उन्हें बुखार और निमोनिया की शिकायत के बाद शहर के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मौत के बाद सोमवार सुबह आई रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।
- गुजरात : बड़ौदा में 62 साल की संक्रमित महिला की मौत हो गई। बड़ौदा के नगरपालिक आयुक्त नलिन उपाध्याय के मुताबिक, महिला बीते दिनों श्रीलंका से लौटने के बाद बीमार हो गई थी। उसे 18 मार्च को बड़ौदा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां टेस्ट के बाद वह पॉजिटिव पाई गई थी। वह श्रीलंका से हाल ही में लौटे एक ग्रुप में शामिल थी। 2 अप्रैल को इसी ग्रुप के एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी।
महाराष्ट्र : मुंबई में आज 6 कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा नालासोपारा में भी 65 साल के एक बुजुर्ग की जान चली गई। बांद्रा के भाभा हॉस्पिटल में एक 50 वर्षीय संक्रमित ने आखिरी सांस ली। मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और इसे डायबिटीज था। वहीं नवी मुंबई के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती 72 साल के बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। इसे डायबिटीज और हृदय रोग था।
पंजाब : सोमवार को अमृतसर में 65 साल के बुजुर्ग की संक्रमण के चलते मौत हो गई। 29 मार्च को खांसी-जुकाम की शिकायत के दौरान बुजुर्ग का टेस्ट कराया गया था, लेकिन तब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लेकिन दोबारा तबीयत बिगड़ने पर 2 अप्रैल को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दोबारा टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह राज्य में संक्रमण से आठवीं मौत है।
पश्चिम बंगाल : सिलीगुड़ी में 53 साल के रेलवे टेक्निशियन की कोरोना से सोमवार को मौत हुई। इसके बाद रेलवे ने 12 रेलवे मेडिकल स्टाफ को होम क्वारैंटाइन में जाने का आदेश दे दिया। बंगाल में यह सातवीं मौत है।
उत्तर प्रदेश : कोरोना वायरस के चलते वाराणसी के 55 वर्षीय एक व्यापारी की मौत हो गई। इसके पहले बस्ती और मेरठ में कोरोना से मौत हो चुकी है।
आंध्र प्रदेश : राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़े के मुताबिक 64 साल और 55 साल के दो संक्रमितों की मौत हुई। राज्य में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है।
संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें
राज्य | मौतें |
महाराष्ट्र | 52 |
तेलंगाना | 12 |
मध्यप्रदेश | 14 |
गुजरात | 12 |
दिल्ली | 07 |
पश्चिम बंगाल | 07 |
राजस्थान | 06 |
कर्नाटक | 04 |
पंजाब | 08 |
तमिलनाडु | 05 |
हिमाचल | 02 |
जम्मू-कश्मीर | 02 |
उत्तर प्रदेश | 03 |
केरल | 02 |
बिहार | 01 |
हरियाणा | 02 |
चंडीगढ़ | 01 |
आंध्र प्रदेश | 03 |
कुल | 143 |